गणतंत्र दिवस पर हिन्दू एकता भगवाधारी संगठन ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
रायबरेली।हिन्दू एकता भगवाधारी संगठन की ओर से 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह तिरंगा यात्रा जगतपुर चौराहे से प्रारंभ होकर लक्ष्मणपुर अलावलपुर, विश्वनाथगंज, इच्छा सिंह का पुरवा, दीन शाह गौरा होते हुए गदागंज स्थित गदा बाबा मंदिर पर सम्पन्न हुई।
पूरे यात्रा मार्ग में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने “हिन्दुस्तान ज़िंदाबाद” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारे लगाए, जिससे वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार,संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री इंतजार सिंह, राष्ट्रीय सचिव दीपेंद्र सोनी, अनिल सविता, बुढ़ेंद्र सिंह, सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा का समापन गदा बाबा मंदिर में राष्ट्रगान के साथ शांतिपूर्ण ढंग से किया गया।










