
गणतंत्र दिवस समारोह संपन्न
बगहा,सलोन। छब्बीस जनवरी 2026 सोमवार। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल,सलोन, रायबरेली। आज विद्यालय परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस भव्य समारोह के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा तिरंगा फहराने के साथ हुआ। इस अवसर पर ‘गणतंत्र दिवस अमर रहे’ ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ ‘पं० जवाहर लाल नेहरू अमर रहें’ के नारों से आकाश गूंज उठा। इसके पूर्व विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कामाक्षा सिंह द्वारा मुख्य अतिथि श्री शशि कुमार त्रिपाठी खंड विकास अधिकारी,सलोन,
को बैज अलंकरण व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के द्वारा बहुत से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अनेक रंगारंग कार्यक्रमों के क्रम में भरतनाट्यम् की बेहतरीन प्रस्तुति सराहनीय रही। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को याद किया गया और उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ‘सेवा ही शिक्षा का उद्देश्य है’ यह संदेश देते हुए उनके द्वारा विद्यार्थियों को अपने कार्य, व्यवहार व आचरण द्वारा मानवता को महत्व देने एवं मानव मूल्यों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती कामाक्षा सिंह ने मुख्य अतिथि को धन्यवाद ज्ञापित किया। उनके द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि ‘गणतंत्र दिवस’ हमारी आजादी को पूर्णता प्रदान करने का उद्घोष करता है और उसकी रक्षा का विश्वास दिलाता है, लेकिन इसे साबित करने के लिए सभी को अपने समय का सार्थक उपयोग करना होगा। उनके द्वारा अपने संबोधन के अंत में शिक्षकों, शिक्षिकाओं, कर्मचारियों तथा समस्त अभिभावकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन विज्ञान शिक्षक संचित गुप्ता एवं हिबा चौधरी द्वारा किया गया।










