
CRS NEWS-: महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान क्रैश में डिप्टी CM अजीत पवार समेत 5 लोगों का निधन हो गया है। इस प्लेन हादसे में कोई नहीं बचा है सभी के मारे जाने की ख़बर है। विमान में सवार सभी 5 लोग मारे गए हैं।
एयरक्राफ्ट में अजित पवार के अलावा उनके एक पीएसओ, सहायक और दो क्रू मेंबर सवार थे। प्लेन के क्रैश होने की क्या वजह रही, इसके बारे में जांच की जा रही है।
आपको बताते चलें कि अजित पवार जिला परिषद चुनाव से जुड़ी एक रैली में शामिल होने के लिए बारामती पहुंच रहे थे। लैंड होते समय प्लेन हादसे का शिकार हो गया।
PM मोदी ने किया ट्वीट:-
उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम नेताओं ने गहरा दुख जताया है। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट लिखकर अपनी गहरी संवेदना जताई है। पीएम मोदी ने लिखा कि अजित पवार एक जनता के नेता थे। उनका जमीनी स्तर पर मजबूत कनेक्शन था। वह महाराष्ट्र की जनता के बीच सबसे कड़ी मेहनत करने वाले नेताओं में गिने जाते थे। प्रशासनिक मामलों में उनकी पकड़ शानदार थी। गरीब और समाज के निचले तबके के उत्थान के लिए उनकी प्रतिबद्धता कमाल की थी। उनकी आसमयिक और अचानक हुई मौत बहुत दुखद और अचंभित करने वाला है। उनके परिवार और उनके अनगिनत चाहने वालों को मेरी संवेदना। ओम शांति!
अजित पवार मंगलवार की शाम को ही मुंबई में सीएम देवेंद्र फडणवीस एक साथ एक कैबिनेट कमेटी की मीटिंग में मौजूद थे।
अजीत पावर का राजनीतिक इतिहास:-
अजित पवार को लेकर यह कहा जाता रहा है कि वह कभी सत्ता से बाहर नहीं रहे। कुल 4 मुख्यमंत्रियों के साथ 6 बार डिप्टी सीएम के तौर पर काम करने वाले अजित पवार को प्यार से अजित दादा कहा जाता था। उनके जाने से महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा शून्य पैदा हो गया है। शरद पवार के परिवार को भी इससे बड़ा झटका लगा है। बीते कुछ दिनों से अजित पवार परिवार में एकता के लिए भी प्रयास कर रहे थे। इसके अलावा वह मुख्यमंत्री बनने की इच्छा भी अपने साथ ही लेकर चले गए। उन्होंने कई बार कहा था कि मैं मुख्यमंत्री बनने की इच्छा रखता हूं, लेकिन ऐसा हो ना सका। वह अपने करियर में कुल 6 बार और महाराष्ट्र में सबसे लंबे समय तक डिप्टी सीएम रहे।








