
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, गरीब परिवार का हजारों रुपये का नुकसान
रायबरेली।
जिले के गदागंज पावर हाउस क्षेत्र अंतर्गत सेलराह गांव में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग से एक गरीब परिवार की झोपड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस हादसे में घर में रखा हजारों रुपये मूल्य का घरेलू सामान, कपड़े व खाने-पीने की सामग्री जलकर नष्ट हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 11 बजे के बाद की है। अचानक हुए शॉर्ट सर्किट से झोपड़ी में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। पीड़िता लालती पत्नी राजेंद्र ने बताया कि आग की चपेट में आने से घर में रखा सारा सामान जल गया, वहीं 500 रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए गदागंज पावर हाउस को सूचना दी। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग द्वारा तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया।
इस संबंध में अवर अभियंता नीतीश कुमार दुबे ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई और मौके पर कर्मचारी भेजकर जांच कराई गई, जिससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।
फिलहाल पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है










