
कार सवार बदमाशों ने जन सुविधा केंद्र संचालक को बनाया निशाना
जनपद रायबरेली में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। कार सवार चार बदमाशों ने दिनदहाड़े जन सुविधा केंद्र संचालक अरुणेंद्र तिवारी से बैग छीनकर लूट की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार छीने गए बैग में ₹2,000 नगद तथा करीब ₹1.5 लाख रुपये मूल्य का कैमरा मौजूद था। यह घटना गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मखदुमपुर चौकी के पास की है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लूट की घटना को अंजाम देने के बाद भागते समय बदमाशों की कार सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान व तलाश शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वही थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।










