
रायबरेली में AIMIM सेंट्रल प्रदेश अध्यक्ष शेख ताहिर सिद्दीकी का आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
रायबरेली। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के सेंट्रल प्रदेश अध्यक्ष ताहिर सिद्दीकी के रायबरेली आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक स्वागत किया। बछरांवा संगठन एवं जिलाध्यक्ष की टीम द्वारा चुरूवा बॉर्डर पर फूल-मालाएं, बुके भेंट कर तथा पार्टी के गगनभेदी नारों के साथ प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन किया गया
इसके पश्चात बछरांवा विधानसभा अध्यक्ष के नेतृत्व में गाड़ियों का काफिला आगे बढ़ा, जहां जिला एवं सलोन की टीम द्वारा त्रिपुला चौराहे पर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत-सम्मान किया गया। इसके बाद काफिला विधानसभा ऊंचाहार के दीनशाह गौरा ब्लॉक अंतर्गत धमधमा गांव पहुंचा, जहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष शेख ताहिर सिद्दीकी को फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया।
धमधमा गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क किया तथा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से कई पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष शेख ताहिर सिद्दीकी ने कहा कि AIMIM पार्टी हमेशा गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों की आवाज़ बनकर संघर्ष करती रही है। पार्टी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति करती है, जबकि AIMIM विकास, शिक्षा और सामाजिक न्याय की बात करती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले 2027 के लोकसभा चुनाव में AIMIM उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया इतिहास रचने जा रही है।
वहीं जिला अध्यक्ष सैयद ताजदार नकवी ने कहा कि AIMIM का कारवां लगातार आगे बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में लोग पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं। जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद आबिद ने कहा कि AIMIM किसी एक वर्ग या जाति की पार्टी नहीं है, बल्कि यह सर्वसमाज की पार्टी है, जहां हर वर्ग के लोगों को सम्मान और भागीदारी मिलती है।
कार्यक्रम में ऊंचाहार विधानसभा अध्यक्ष सैयद मो. तौसीब, जगतपुर ब्लॉक अध्यक्ष मो. सुहैल, अमान, डॉक्टर मो. नईम सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।










