
निर्माणाधीन पानी टँकी से गिरकर राजमिस्त्री की मौत
ऊंचाहार -ठेकेदार की लापरवाही के चलते निर्माणाधीन पानी टँकी से गिरकर राजमिस्त्री की मौत हो गई, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
फतेहपुर जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र के चननमऊ गाँव निवासी सन्दीप सोनकर 25 वर्ष पुत्र गुब्बर जो राजमिस्त्री था।क्षेत्र के मदारीगंज मजरे सरायं परसू गाँव में हर घर जल योजना के तहत निर्माणाधीन पानी की टँकी पर करीब 50 फीट ऊंचाई पर सीढ़ी का निर्माण कर रहा था।इसी दौरान सन्तुलन बिगड़ने के कारण वो नीचे गिरकर गम्भीर रुप से घायल हो गया।साथी मजदूरों ने एम्बुलेंस की मदद से उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना पर कोतवाल अजय कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के सम्बंध में जानकारी हासिल की।
बताया जा रहा है कि पानी टँकी का निर्माण एक ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है।जिसने राजमिस्त्री को न तो सेफ्टी बेल्ट मुहैया कराया गया था और न ही सुरक्षा का कोई और इंतजाम किया गया था।फिलहाल कोतवाली पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज शुक्ल ने बताया कि मृत अवस्था में युवक को सीएचसी लाया गया था।
कोतवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।










