
रायबरेली में तेज रफ्तार का कहर
गोपालपुर के पास पेड़ से टकराई कार, तीन की मौत, दो गंभीर
रायबरेली। जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के बीच सोमवार को एक और दर्दनाक दुर्घटना सामने आई। डीह थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव स्थित बिजली पावर हाउस के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बुलंदशहर और अलीगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं। वे प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आयोजक उन्हें कार से रायबरेली रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे।
इसी दौरान गोपालपुर गांव के पास कार की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।









