
गदागंज पुलिस व वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में कछुआ तस्कर गिरफ्तार, 14 जीवित कछुए बरामद
रायबरेली। थाना गदागंज थाना क्षेत्र में पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कछुआ तस्करी में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 14 जीवित तथा 1 मृत कछुआ बरामद किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त एक ऑटो भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 19 फरवरी 2026 को मुखबिर खास की सूचना पर सुल्तानपुर बहैया क्षेत्र में घेराबंदी कर राम शंकर पाल पुत्र राम हरक पाल, उम्र लगभग 36 वर्ष, निवासी विश्वासा थाना रामगंज जनपद अमेठी को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त कछुओं को अवैध रूप से परिवहन कर ले जा रहा था। गिरफ्तारी देर रात्रि लगभग 9 बजे की गई।
पुलिस ने मौके से 14 जीवित कछुए एवं 1 मृत कछुआ बरामद किया। सभी जीवित कछुओं को वन विभाग की टीम को सुपुर्द कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अभियुक्त को संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।
इस संयुक्त कार्रवाई में दरोगा अजय पटेल, दरोगा विवेक सिंह, कांस्टेबल अमित मिश्रा, कांस्टेबल दिनेश कुमार के साथ डलमऊ रेंजर रवि भारती, डिप्टी रेंजर रजनीश कुमार, आलोक कुमार तिवारी एवं फॉरेस्ट गार्ड राकेश कुमार सहित गदागंज पुलिस एवं वन विभाग की टीम की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस एवं वन विभाग की इस तत्पर कार्रवाई से क्षेत्र में वन्यजीव तस्करों में हड़कंप मच गया है।









