जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने तहसील संपूर्ण समाधान दिवस तहसील कलान में सुनी समस्याएं।
CRS शाहजहांपुर। जनपद की नई तहसील कलान में
सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में किया गया। नगर पंचायत कलान में जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र के आवेदन लंबित की शिकायत आने पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी कलान को जांच करने के निर्देश दिए।
इस दौरान तहसील समाधान दिवस में अवैध कब्जा, बिजली, राशन कार्ड, पेंशन आदि से संबंधित कुल शिकायतें 65, प्राप्त हुई जिसमें से 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का एक सप्ताह में प्राथमिकता पर निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाले शिकायतकर्ता को अपनी समस्या निस्तारण के लिए दोबारा आना न पड़े इस संबंध में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने जिन विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई है, उनसे संबंधित अधिकारी गंभीरता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा, शिकायत निस्तारण में शिकायतकर्ता के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराना सुनिश्चित किया जाए।
सभी शिकायतों का निराकरण गुणवत्तापरक से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण उपरांत शिकायतकर्ता की संतुष्टि का फीडबैक आवश्यक लिया जाए। भूमि संबंधित शिकायतों के निस्तारण पुलिस एवं राजस्व की टीम मौके पर जाकर करायें। शिकायतकर्ता को बार-बार एक ही शिकायत के लिए चक्कर न लगाना पड़े।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, उप जिलाधिकारी कलान अभिषेक प्रताप सिंह, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









