
होली और रमजान को शांति पूर्ण रूप से मनाने के लिए धमधमा गांव का क्षेत्राधिकारी ने किया निरीक्षण
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के धमधमा एवं जलालपुर धई गांव में आगामी होली और रमजान त्योहार को शांति-पूर्ण और सुरक्षित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए डलमऊ क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी तथा तहसीलदार मंजरी सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी के नेतृत्व में गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों एवं समाज के सम्मानित लोगों के साथ बैठक की गई।
बैठक में गांव की समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। प्रशासन ने धमधमा गांव में ड्रोन कैमरे के माध्यम से प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर, त्योहार के दौरान होली के आयोजन वाले स्थानों और बिजली के तारों के आसपास संभावित जोखिम का भी मूल्यांकन किया।
तहसीलदार ने थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जाए, ताकि त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जा सके।
इस निरीक्षण से यह सुनिश्चित किया गया कि ग्रामीण क्षेत्र में होली और रमजान के अवसर पर सभी लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मना सकें।










