
रायबरेली में शराबी का उत्पात: पुल पर बाइक गिराकर लगाया जाम, पुलिस ने खुलवाया रास्ता
रायबरेली। जिले के रायबरेली में एक शराबी युवक द्वारा पुल पर हंगामा और जाम लगाने का मामला सामने आया है। घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के शारदा नहर पुल की बताई जा रही है, जहां नशे की हालत में बाइक चला रहा युवक अचानक फिसलकर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक शराब के नशे में था। गिरने के बाद उसने अपनी बाइक पुल के बीचों-बीच खड़ी कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। राहगीरों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह हंगामा करता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए सड़क से बाइक हटवाई और यातायात सुचारु कराया। इसके बाद पुल पर लगा जाम खुल सका।
इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने संबंधित युवक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।










