
CRS NEWS : अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट टीम रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में उतरकर इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। 19 नवंबर 2023 को इसी मैदान पर वनडे विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार का दर्द आज भी भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में ताजा है। उस रात स्टेडियम में मौजूद करीब 93 हजार दर्शकों और देशभर के करोड़ों प्रशंसकों के लिए वह क्षण बेहद भावुक रहा था।
करीब 840 दिनों बाद भारतीय टीम के पास उसी मैदान पर एक नया सुनहरा अध्याय लिखने का मौका है। टीम इंडिया इस बार टी20 विश्व कप में शानदार फॉर्म में है और लगातार दूसरी बार तथा कुल तीसरी बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इस फाइनल में पुराने रिकॉर्ड और मिथकों को तोड़ने के इरादे से उतरेगी।
दिलचस्प बात यह है कि भारतीय टीम इस बार उस होटल में नहीं रुकी है, जहां वह 2023 के वनडे विश्व कप फाइनल और इस टूर्नामेंट के सुपर-8 चरण के दौरान ठहरी थी। इसके अलावा फाइनल मैच भी उस पिच पर नहीं खेला जाएगा जिस पर 2023 का फाइनल हुआ था। तब काली मिट्टी की पिच इस्तेमाल हुई थी, जबकि इस बार लाल और काली मिट्टी को मिलाकर नई पिच तैयार की गई है।इतिहास की बात करें तो अब तक कोई भी टीम लगातार दो बार टी20 विश्व कप नहीं जीत पाई है और न ही किसी टीम ने अपने घरेलू मैदान पर यह खिताब जीता है। इसके बावजूद भारतीय टीम इस बार इन सभी मिथकों को तोड़ने के लिए तैयार दिख रही है।
भारत की ताकत और कमजोरियां
ताकत:
भारतीय टीम का शीर्ष क्रम शानदार फॉर्म में है। टीम के पास नौवें नंबर तक बल्लेबाजी की गहराई है और विश्व स्तरीय स्पिन गेंदबाजी आक्रमण भी उसकी बड़ी ताकत है।
कमजोरी:
मध्य ओवरों में विकेट लेने में कभी-कभी निरंतरता की कमी दिखाई देती है। साथ ही कुछ मौकों पर गेंदबाजी महंगी भी साबित हुई है।
अवसर:
घरेलू मैदान और परिचित परिस्थितियां भारतीय टीम के लिए बड़ा फायदा साबित हो सकती हैं। टीम का मौजूदा फॉर्म भी काफी अच्छा है।
खतरा:
आईसीसी नॉकआउट मुकाबलों में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है, जो टीम के लिए एक चुनौती बन सकता है।
अब सबकी निगाहें अहमदाबाद के इस बड़े मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम के पास पुराने घाव भरने और इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।









