
रायबरेली में होली मिलन कार्यक्रम में बोले राम आसरे विश्वकर्मा, 2027 में सपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने का दावा
रायबरेली।
रायबरेली जिले में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव शशिकांत शर्मा द्वारा किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
करीब तीन घंटे चले इस कार्यक्रम में राम आसरे विश्वकर्मा ने लगभग एक घंटे तक उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इस दौरान हरचंदपुर विधानसभा से विधायक राहुल लोधी, बछरावां विधानसभा से विधायक श्यामसुंदर पासी, जिलाध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और केंद्र में भाजपा ने सनातन धर्म के नाम पर सत्ता हासिल की थी, लेकिन आज प्रदेश सरकार न तो गौ हत्या रोक पा रही है और न ही स्लॉटर हाउस पूरी तरह बंद कर पा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की स्थिति सनातन धर्म और हिंदुत्व का अपमान है।
उन्होंने स्वामी मुक्तेश्वरानंद सरस्वती के अपमान का मुद्दा उठाते हुए इसे भी सनातन धर्म के सम्मान से जोड़ते हुए सरकार की आलोचना की। विश्वकर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों—सामान्य, अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति—को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और इसका उदाहरण इस कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ से देखा जा सकता है।
आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि जो भी दल समाजवादी पार्टी के साथ आएगा, उसे साथ लेकर चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में समाजवादी पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में नजर आएंगे।










