
CRS NEWS : अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में दमदार खेल दिखाया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से संजू सैमसन ने शानदार 89 रन की पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 54 और अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
भारतीय ओपनरों ने धीमी शुरुआत के बाद आक्रामक अंदाज अपनाया और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने चौकों और छक्कों की बरसात करते हुए टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड की ओर से टिम सीफर्ट ने अर्धशतक लगाया, जबकि कप्तान मिशेल सेंटनर ने 43 रन की पारी खेली, लेकिन वे टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया। भारत टी20 वर्ल्ड कप में बैक-टू-बैक खिताब जीतने वाली और मेजबान देश के रूप में ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई है। इसके अलावा भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार का भी बदला ले लिया।
भारतीय खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन से पूरे देश में जश्न का माहौल है और क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।









