
ग्राम सभा की बंजर भूमि पर अवैध कब्जे से नाराज़ युवक तहसील परिसर में आमरण अनशन पर बैठा
डलमऊ (रायबरेली)।
तहसील क्षेत्र के ग्राम गौरा हरदो में ग्राम सभा की बंजर भूमि पर कुछ लोगों द्वारा किए जा रहे कथित अवैध कब्जे से आक्रोशित एक युवक ने प्रशासनिक कार्रवाई न होने के विरोध में उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। पीड़ित ने राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
ग्राम गौरा हरदो निवासी अनुराग कुमार पुत्र गंगाकांत का आरोप है कि गांव की ग्राम सभा की बंजर भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने बीते लगभग एक वर्ष से कई बार राजस्व विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, साथ ही तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में भी प्रार्थना पत्र देकर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित का कहना है कि शिकायत करने के बाद क्षेत्रीय लेखपाल केवल मौखिक रूप से निर्माण कार्य रुकवाने की बात कहकर खानापूर्ति कर देते हैं, जबकि जमीन पर अवैध निर्माण का कार्य जारी है। अनुराग कुमार ने बताया कि जिस भूमि पर कब्जा किया जा रहा है, उसी भूमि को ग्राम सभा द्वारा बारात घर के निर्माण के लिए प्रस्तावित किया गया है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता और कथित मिलीभगत के चलते न तो भूमि का सीमांकन कराया गया और न ही अवैध कब्जा हटवाया गया।
लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने से नाराज होकर अनुराग कुमार मंगलवार को डलमऊ तहसील परिसर स्थित उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक ग्राम सभा की भूमि से अवैध कब्जा हटाकर उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।










