
अंकुर बालिका इंटर कॉलेज में 15 मार्च को “स्मरण है आज जीवन” — कवि जवाहर ‘इन्दु’ स्मृति समारोह का किया जाएगा आयोजन
रायबरेली। साहित्य और संवेदना की समृद्ध परंपरा को स्मरण करते हुए 15 मार्च 2026 को दोपहर 1 बजे से अंकुर बालिका इंटर कॉलेज, जलालपुर धई (रायबरेली) में “स्मरण है आज जीवन” शीर्षक से कवि जवाहर ‘इन्दु’ स्मृति समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन बतरस संस्था द्वारा किया जा रहा है, जो क्षेत्र की साहित्यिक चेतना को सहेजने और आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम गाँव में जन्मे और यहीं रहकर साहित्य साधना करने वाले स्मृतिशेष कवि जवाहर ‘इन्दु’ जी को समर्पित होगा। उनकी संवेदनशील और जीवनमूल्यों से ओतप्रोत लेखनी ने साहित्य को केवल शब्दों का विन्यास नहीं, बल्कि जीवन की गहन अनुभूति का माध्यम बनाया।
समारोह के दौरान कवि जवाहर ‘इन्दु’ जी के साहित्यिक योगदान का स्मरण किया जाएगा। साथ ही साहित्य और संवेदना के विभिन्न आयामों पर संवाद होगा तथा रचनात्मक साधना के प्रति समर्पित साहित्यकारों का सम्मान भी किया जाएगा।
इस अवसर पर संस्था द्वारा वरिष्ठ रचनाकार सम्मान, युवा रचनाकार सम्मान तथा सहृदय श्रोता सम्मान प्रदान कर साहित्य साधकों का अभिनंदन किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के साहित्यकार, कवि, बुद्धिजीवी तथा साहित्य प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
संस्था ने सभी साहित्य प्रेमियों, मित्रों और शुभचिंतकों से इस साहित्यिक आयोजन में उपस्थित होकर कार्यक्रम को गरिमा प्रदान करने की अपील की है।










