निजी क्लीनिक में इंजेक्शन लगने के बाद व्यक्ति की मौत, परिजनों ने लगाया गलत उपचार का आरोप।
तिलहर/शाहजहांपुर। एक अधेड व्यक्ति की निजी क्लीनिक में इंजेक्शन लगने के बाद हालत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनापुर की निवासी शारदा ने बताया कि उनके पति श्यामलाल 55 की शुक्रवार शाम करीब पांच बजे घर पर अचानक पेट में तेज दर्द होने से तबीयत खराब हो गई। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए तिलहर-निगोही मार्ग स्थित रेलवे फाटक के पास घासी नामक एक निजी क्लीनिक पर ले गए। आरोप है कि वहां डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद श्यामलाल की हालत और बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए।घबराए परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर 112 पीआरबी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतक अपने पीछे पत्नी शारदा, पुत्र श्याम बिहारी, बृजेश, मुकेश, सुमेश तथा पुत्रियां उत्तरी, अंशिका और कविता सहित परिजनों को रोता-बिलखता छोड़ गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।









