
CRS NEWS: रायबरेली में दिव्यांगजनों की सहायता और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में एक निःशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जननायक सांसद राहुल गांधी की प्रेरणा से आयोजित किया गया, जिसमें दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण तथा सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया और बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, कान की मशीन सहित कई जरूरी उपकरण वितरित किए। शिविर में आए लोगों ने इस पहल की सराहना की और इसे जरूरतमंदों के लिए बहुत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य केवल समाज सेवा है। कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार हमेशा से कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करते रहे हैं। दिव्यांगजनों को सशक्त बनाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना ही इस पहल का मुख्य लक्ष्य है।
इस अवसर पर पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज तिवारी, शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव तथा नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह शिविर मदर टेरेसा इंटर कॉलेज, रायबरेली में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में दिव्यांगजन लाभान्वित हुए। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कहा कि सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता से जुड़ा यह प्रयास जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाने का काम करेगा।










