
रायबरेली में चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ, देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
रायबरेली।
चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन जनपद रायबरेली में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। जिले भर के देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तजन तड़के भोर से ही मंदिरों में पहुंचकर माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना में लीन नजर आए।
शहर के करीब डेढ़ सौ वर्ष पुराने मनसा देवी मंदिर में विशेष रूप से आस्था का जनसैलाब देखने को मिला। मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। दूर-दराज से आए भक्तों ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
नवरात्रि पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि सभी प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसरों के बाहर विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
नवरात्रि के पहले दिन उमड़ी इस भारी भीड़ ने एक बार फिर जिले में आस्था और परंपरा की गहरी जड़ों को दर्शाया। आने वाले दिनों में भी मंदिरों में इसी तरह श्रद्धालुओं की भीड़ बने रहने की संभावना है।










