
मानसिक रूप से कमजोर किशोर के द्वारा मंदिरों में की गई थीं तोड़फोड़ ,24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
रायबरेली थाना गदागंज क्षेत्र के जलालपुर धई गांव में 16 मार्च 2026 की रात में तीन मंदिरों में हुई तोड़फोड़ की घटना से गांव में तनाव का माहौल बन गया था। अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिरों में रखी पूजा सामग्री को बिखेर दिए जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया था।
घटना की सूचना मिलते ही गदागंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दिया। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक किशोर मंदिरों के आसपास आते-जाते और पूजा सामग्री को अस्त-व्यस्त करते हुए दिखाई दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी 16 वर्षीय किशोर है, जो झारखंड का निवासी है और मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने बताया कि किशोर को हिरासत में लेकर पूंछताछ कर लेने के बाद उसके परिजनों को बुलाकर उन्हें सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गांव में अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था कायम है। साथ ही, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।










