
रायबरेली में अंतिम मतदाता सूची जारी: 18.87 लाख मतदाता, 98 हजार से अधिक की बढ़ोतरी
रायबरेली। जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत 10 अप्रैल 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत बछरांवा, हरचंदपुर, रायबरेली, सलोन, सरेनी एवं ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं के विवरण को अद्यतन किया गया।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि नई सूची के अनुसार जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 18,87,398 पहुंच गई है। इनमें 10,14,928 पुरुष, 8,72,445 महिला तथा 25 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। यह संख्या जनवरी 2026 की सूची की तुलना में लगभग 98,302 मतदाताओं की वृद्धि को दर्शाती है।
उन्होंने बताया कि इस पुनरीक्षण के दौरान 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 20,692 नए मतदाताओं को जोड़ा गया है, जो लोकतंत्र में युवाओं की बढ़ती भागीदारी का संकेत है। जनपद का जेंडर रेशियो 860 तथा ईपी रेशियो 53.74 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
मतदाताओं की सुविधा के लिए जनपद में 1,458 मतदान केंद्र और 2,451 मतदेय स्थल स्थापित किए गए हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया को और अधिक सुलभ एवं सुचारू बनाया जा सके।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।










