
मिशन शक्ति अभियान के तहत गदागंज पुलिस ने विजय सिंह का पुरवा गांव में चलाया जागरूकता अभियान
गदागंज (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के विजय सिंह का पुरवा गांव में बुधवार को गदागंज पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेस-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं को विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 1930, 112, 108, 101, 181 और 1076 की जानकारी दी तथा जरूरत पड़ने पर इनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही वृद्धा पेंशन, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए महिलाओं को साइबर क्राइम से बचाव के उपाय और जरूरी सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि वे अपने परिवार के पुरुषों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करते हुए यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस मौके पर दरोगा मोहम्मद मुकरिम, दरोगा सर्वदेव यादव, हेड कांस्टेबल श्रीकांत, महिला कांस्टेबल कल्पना यादव और अनामिका मौजूद रहीं।
थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत क्षेत्र के सभी गांवों में पहुंचकर महिलाओं को जागरूक करने का कार्य लगातार जारी है।










