
रायबरेली में चलते ट्रक में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें तेजी से उठती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना मिल एरिया थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक रामलाल अकेला के आवास के सामने हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, आग लगने से ट्रक में लदा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या इंजन के अत्यधिक गर्म होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घटना के चलते कुछ समय के लिए लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई। स्थानीय लोगों ने चालक की सतर्कता और सूझबूझ की सराहना की, जिसकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।










