
मजदूरी के दौरान कुल्हाड़ी से कटा मजदूर का हाथ, अस्पताल में छोड़ फरार हुए मालिक — परिजनों ने एसपी कार्यालय में लगाई न्याय की गुहार
रायबरेली। जिले के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मजदूरी के लिए ले जाए गए एक मजदूर का लकड़ी काटते समय कुल्हाड़ी से हाथ कट गया। घटना के बाद मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराकर मालिक मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के पूरे हुल्ला गांव निवासी पवन कुमार पुत्र रामकिशोर अपने परिवार का भरण-पोषण मजदूरी कर करता था। बताया जा रहा है कि बगल के गांव के रहने वाले अमृतलाल और शैलेंद्र उसे अपने घर लकड़ी काटने के लिए लेकर गए थे।
लकड़ी काटने के दौरान अचानक कुल्हाड़ी लगने से पवन कुमार का हाथ गंभीर रूप से कट गया। घटना के बाद दोनों आरोपियों ने घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती तो कराया, लेकिन इसके बाद वहां से गायब हो गए और परिजनों से कोई संपर्क नहीं किया।
घटना से आक्रोशित परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें उचित मुआवजा दिलाया जाए।










