
‘या हुसैन’ की सदाओं से गूंजा इलाका, अकीदत और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ मोहर्रम का पर्व
रायबरेली गदागंज थाना क्षेत्र के धमधमा, जलालपुर धई, कुरौली बुधकर, मतीनगंज सहित आसपास के कई गांवों में दसवीं मोहर्रम पर हजरत इमाम हुसैन, हसन और उनके 72 साथियों की शहादत की याद में पूरे श्रद्धा, अकीदत और गम के साथ मोहर्रम मनाया गया। ‘या हुसैन’ की सदाओं के बीच अकीदतमंदों ने मातम कर कर्बला की कुर्बानी को याद किया और इंसानियत, सत्य, न्याय तथा त्याग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।
सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाले गए। ताजिए निर्धारित मार्गों से होकर गुजरे, जहां जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया। जगह जगह लोगो ने लंगर, शरब बांटे गए। बाद में धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजियों को कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
मोहर्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गदागंज थाना प्रभारी दयानंद तिवारी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस प्रशासन लगातार जुलूसों की निगरानी करता रहा, जिससे सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुए।
मोहर्रम के अवसर पर क्षेत्र में आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और धार्मिक एकता की मिसाल देखने को मिली। प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।










