
रायबरेली। आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने अयोध्या राम मंदिर में कथित दान चोरी के मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चोरी का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर डकैती है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने तथा उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराने की मांग की।
रायबरेली के सालोन क्षेत्र में सड़क हादसे में मृत दलित युवक के परिजनों से मिलने जाते समय मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि उन्हें एसआईटी की जांच पर भरोसा नहीं है। उनका कहना था कि इस संवेदनशील मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच केवल सीबीआई ही कर सकती है।
इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर चुनावी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल की जाएगी, पुलिस कर्मियों के लिए आठ घंटे की ड्यूटी लागू होगी, सभी के लिए मुफ्त शिक्षा, युवाओं को रोजगार और प्रदेश में शराबबंदी जैसे जनहित के फैसले प्राथमिकता से लागू किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और आगामी चुनाव में इन्हीं मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगी।











