
CRS NEWS अयोध्या: (CM Yogi Speech) अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटनाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पंद्रह दिनों में दूसरी बार अयोध्या पहुंचे। बीकापुर विधानसभा के सोहावल में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों (सपा और कांग्रेस) पर जमकर निशाना साधा और अयोध्या की उपेक्षा का आरोप लगाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, साथ ही राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के दिवंगत नेता मुन्ना सिंह चौहान की मूर्ति का अनावरण भी किया।
“हनुमानगढ़ी में नमाज, तो जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा क्यों नहीं?”
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी विपक्ष पर सबसे ज्यादा हमलावर रहे। उन्होंने पिछली सरकारों पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए एक बड़ा सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा- “एक लंबे समय तक हमारी अयोध्या उपेक्षित रही। ना सड़क, ना बिजली, ना पानी। यानी बगल में मां सरयू बह रही है, लेकिन तब भी अयोध्या उससे वंचित रहती थी। मां सरयू की पवित्र धारा अयोध्या को भी सिंचित करती है, लेकिन अयोध्या आने वाला श्रद्धालु देखता रहता था, वह मां सरयू का आशीर्वाद लेने में विफल हो जाता था। कोई व्यवस्था नहीं थी। गंदगी पहचान बन चुकी थी।
और तो और, जो ये लोग आस्था की बात करते हैं, याद करो ना, इन्होंने तो हमारी पवित्र हनुमानगढ़ी में इन्होंने तो वहां नमाज भी पढ़वाने का काम किया था। आप सोचो कल्पना करिए, क्या कोई जामा मस्जिद में कभी हनुमान चालीसा का पाठ कर पाएगा क्या? क्या सरकारें करवा पाएंगी? क्या समाजवादी पार्टी और कांग्रेस करवा पाएगी? अगर नहीं करा पाएगी तो ये पाप क्यों करवाया गया था अयोध्या में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप क्यों करवाया गया था? कौन करवा रहा था ये?
सीएम योगी ने आगे कहा बहनों और भाइयों, आज अयोध्या आप देखते होंगे, हमारी अयोध्या तीनों लोकों से न्यारी है अब अयोध्या। वैभवशाली है। वहां की गलियां अब चमक रही हैं। लाइट रहती है। और देश की चुनिंदा उन सिटी में से एक, जो सोलर सिटी हो, प्रधानमंत्री मोदी जी का विजन। मोदी जी ने कहा कि सूर्यवंश की राजधानी है, तो सूर्यवंश की राजधानी भगवान सूर्य की रोशनी से ही रात्रि में भी जगमगाहट होनी चाहिए, और अयोध्या सोलर सिटी बन गई।











