
गहमागहमी के बीच संपन्न हुई तिलहर नगर पालिका की बजट बैठक, सीमा विस्तार और टेंडर अनियमितताओं के मुद्दे छाए रहे।
शाहजहांपुर। 9 जुलाई को नगर पालिका परिषद तिलहर की वर्ष 2026-27 की बजट बैठक गुरुवार को चेयरपर्सन हाजरा बेगम की अध्यक्षता में नगर पालिका सभागार में आयोजित हुई। रिमझिम बारिश के बीच हुई बैठक में कई मुद्दों पर तीखी बहस और नोकझोंक देखने को मिली, हालांकि पूर्व की बैठकों की तुलना में इस बार कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।
बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 45 करोड़ 70 लाख रुपये की अनुमानित आय तथा 45 करोड़ 26 लाख रुपये के अनुमानित व्यय का बजट प्रस्तुत किया गया। इस प्रकार लगभग 44 लाख रुपये की अनुमानित बचत दर्शाई गई। इसके अलावा कम्युनिटी हॉल का किराया बढ़ाने का प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष रखा गया।
बैठक के दौरान सभासद दिलीप सक्सेना ने नगर पालिका के सीमा विस्तार का मुद्दा उठाते हुए शासन स्तर पर स्वीकृति दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने की मांग की। उन्होंने पालिका में उपकरणों एवं मशीनों की खरीद से जुड़े टेंडरों में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग की।
सभासद ने नगर पालिका की संपत्तियों पर अवैध कब्जों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका आरोप था कि पालिका की मिलीभगत से पहले मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं, फिर जानबूझकर कमजोर पैरवी कर मामले हारने के बाद उच्च न्यायालय का रुख किया जाता है और अंततः कथित सौदेबाजी के जरिए अतिक्रमणकारियों को लाभ पहुंचाया जाता है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कराए जाने की मांग की।
वहीं सभासद सुशील कुमार ने पालिका अध्यक्ष के आवास पर बड़ी संख्या में कर्मचारियों की तैनाती का मुद्दा उठाते हुए इसे जनधन का दुरुपयोग बताया। उनका कहना था कि यदि कर्मचारी सार्वजनिक कार्यों में लगाए जाएं तो नगर की सफाई व्यवस्था और बेहतर हो सकती है।
बैठक में विभिन्न विकास कार्यों एवं प्रशासनिक प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई, जिनमें कई प्रस्तावों पर सहमति बनी। बैठक में चेयरपर्सन हाजरा बेगम, अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार, कमल श्रीवास्तव, इस्लाम अली, सुशांत कुमार, प्रधान लिपिक अयूब अली सहित सभी सभासद उपस्थित रहे।











