
हरदोई — कोतवाली देहात क्षेत्र में एक परिवार पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूटा कि कुछ ही मिनटों में घर की खुशियां मातम में बदल गईं। सेंट जेवियर्स स्कूल में कक्षा 9 के 17 वर्षीय छात्र हिमांशु ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब उसकी मां गीता गुप्ता कमरे में पहुंचीं तो बेटे का शव पंखे से लटका देख बेसुध हो गईं। बेटे की मौत का सदमा वह सहन नहीं कर सकीं और तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में मां-बेटे, दोनों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर प हुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि हिमांशु ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। एक ही घर से मां-बेटे की अर्थी उठने की खबर ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।
यह परिवार पहले भी एक बड़े हादसे का दर्द झेल चुका है। करीब डेढ़ साल पहले हिमांशु के बड़े भाई प्रिंस ने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। अब छोटे बेटे और पत्नी की एक साथ मौत ने पिता राम प्रकाश गुप्ता को पूरी तरह तोड़ दिया है। लगातार दूसरी बार परिवार में हुई इस त्रासदी ने हरदोई को झकझोर दिया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।






