
15 दिन से जला ट्रांसफार्मर, तीन नलकूप और 100 घरों की बिजली गुल
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत, धान की सिंचाई प्रभावित
रायबरेली गदागंज विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के पूरे बाबा मजरे कीरतपुर चरुहार गांव में करीब 15 दिनों से ट्रांसफार्मर जला पड़ा है। इसके चलते तीन नलकूपों के साथ करीब 100 घरों की विद्युत आपूर्ति बाधित है। बिजली न मिलने से किसानों के सामने धान की फसल की सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों ने अब मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
ग्रामीण उग्रसेन यादव ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत में बताया कि गांव में लगा ट्रांसफार्मर करीब 15 दिन पहले जल गया था। इसी ट्रांसफार्मर से किसान बंसराज यादव, शिवभजन यादव और नरेंद्र सिंह के नलकूप संचालित होते हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण इन नलकूपों का संचालन बंद है, जिससे किसानों की धान की फसल की सिंचाई लगातार प्रभावित हो रही है। वहीं, ट्रांसफार्मर से जुड़े करीब 100 घरों की बिजली आपूर्ति भी बाधित है ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत कई बार विद्युत कर्मियों से की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। लगातार बिजली बाधित रहने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
इस संबंध में अवर अभियंता नितीश दुबे ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना मिली है। जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।






