
हरदोई में शिक्षा महकमे को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय (BRC) टोडरपुर में तैनात लिपिक अमित मिश्रा पर एक सरकारी स्कूल की महिला प्रधानाध्यापिका के घर में जबरन दाखिल होकर मारपीट,कपड़े फाड़ने और दुष्कर्म करने का संगीन आरोप लगा है। पीड़िता की लिखित शिकायत और तहरीर के आधार पर शाहाबाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी ब्लॉक बाबू के खिलाफ BNS की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिक्षिका के मुताबिक, उसका लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी का मामला अटका हुआ था।इसी विभागीय काम के सिलसिले में उन्होंने BRC कार्यालय के बाबू अमित मिश्रा से संपर्क किया था। आरोपी बाबू ने कोर्ट के दस्तावेज देखने के बहाने महिला का शाहाबाद स्थित आवास का पता ले लिया। आरोप है कि बीते 4 अगस्त की दोपहर करीब 12:00 से 12:30 बजे के बीच, जब शिक्षिका घर पर अकेली थीं, तब आरोपी बाबू बदनीयती से उनके दरवाजे पर आ धमका। घर में अकेला पाकर आरोपी ने जबरदस्ती की, पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए और बिना सहमति के दुष्कर्म व यौन उत्पीड़न की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता द्वारा कड़ा विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी घबरा गया और जाते-जाते जान से मारने की खौफनाक धमकी देकर मौके से फरार हो गया। इस खौफनाक घटना के बाद से पीड़िता गहरे सदमे में हैं और उन्होंने आरोपी से जान-माल का गंभीर खतरा जताया है। शाहाबाद पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी अमित मिश्रा के खिलाफ BNS की धारा 333, 64(1) और 351(3) के तहत FIR दर्ज कर ली है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दर्ज मुकदमे के आधार पर मामले की गहनता से जाँच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





