
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गुरुगुजपुर में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, छात्राओं ने देशभक्ति कार्यक्रमों से बांधा समां
रायबरेली विकास खंड दीन शाह गौरा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गुरुगुजपुर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य पूजा भाटी ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तिरंगा फहराते ही पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। छात्राओं एवं विद्यालय परिवार ने देश के अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य पूजा भाटी ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों और विशेषकर बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षित और संस्कारित युवा पीढ़ी ही देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय स्तर पर पूरी निष्ठा और लगन से कार्य किया जाएगा तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में उत्साह और देशभक्ति की भावना का संचार किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रधानाचार्य पूजा भाटी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान प्रधानाचार्य ने छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने अधिकारों के साथ-साथ देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को भी समझना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन में रहते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।







