
बारिश के बीच महावीर स्कूल के पास हुआ हादसा, बाल-बाल बचे राहगीर और दुकानदार; बिजली आपूर्ति भी प्रभावित
CRS NEWS रायबरेली। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में हैदरगढ़ मार्ग पर महावीर स्कूल के पास गुरुवार को बारिश के दौरान पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। सड़क पर पेड़ गिरने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से पेड़ को हटाने का काम शुरू कराया। इसी दौरान अचानक बिजली के कई खंभे भी गिर गए। खंभों के अचानक सड़क की ओर गिरने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ हटाने के दौरान बिजली के खंभों के गिरने से सड़क किनारे खड़ी एक राहगीर की साइकिल और बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा ट्रेडर्स की दुकान के बाहर खड़ा ट्रैक्टर भी बिजली के खंभे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। खंभे गिरने की तेज आवाज सुनकर दुकानदार और राहगीर घबराकर सुरक्षित स्थान की ओर भागे।
गनीमत रही कि हादसे के समय खंभों के आसपास मौजूद राहगीर और दुकानदार उनकी चपेट में नहीं आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कुछ ही क्षणों में मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ।
हादसे के बाद बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी सूचना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान पेड़ गिरने और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में परेशानी बढ़ गई है। बिजली विभाग और संबंधित टीमों द्वारा स्थिति को सामान्य करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए सड़क किनारे जर्जर पेड़ों और बिजली के खंभों का निरीक्षण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहनों और सामान के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा है।







