
बरीक्षा के बाद शादी की तैयारियों में जुटा था परिवार, पिता के निधन के बाद गोविंद ही संभाल रहे थे घर की जिम्मेदारी
CRS NEWS रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से गोविंद यादव गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि गोविंद यादव घर में पंखे के पास किसी काम से गए थे। इसी दौरान पंखे में उतरे करंट की चपेट में आ गए। अचानक करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों को जानकारी होते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
गोविंद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के मुताबिक करीब दो माह पहले ही गोविंद का बरीक्षा कार्यक्रम हुआ था और जल्द ही उनकी शादी होने वाली थी। परिवार में शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं और घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन अचानक हुए हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
बताया गया कि गोविंद के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। इसके बाद वह परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। घर की जरूरतों को पूरा करने और परिजनों का सहारा बनने वाले गोविंद की असमय मौत से परिवार के सामने बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है।
युवक की मौत की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उसके घर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। शादी की तैयारियों में जुटे परिवार के घर में अब मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए परिवार को ढांढस बंधाया।







