
CRS NEWS नसीराबाद (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव के पास सोमवार को दोस्तों के साथ मट्टन नाले में नहाने गया 15 वर्षीय किशोर अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर नसीराबाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू कर दी।
बताया गया कि कुरैश नगर नसीराबाद के वार्ड नंबर सात निवासी आरिब पुत्र मुन्ना अंसारी (15) सोमवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ अशरफपुर गांव के पास बहने वाले मट्टन नाले में नहाने गया था। सभी बच्चे नाले में नहा रहे थे। इसी दौरान आरिब नाले के गहरे हिस्से में पहुंच गया और पानी में डूबने लगा। आसपास मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन देखते ही देखते आरिब पानी में लापता हो गया।
किशोर के डूबने की खबर गांव में फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से भी किशोर को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही नसीराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने नाले में उतरकर किशोर की तलाश शुरू की। पानी अधिक होने और नाले की गहराई के कारण राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद आरिब के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। किशोर के डूबने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी किशोर के सकुशल मिलने की उम्मीद में मौके पर डटे रहे।
पुलिस और बचाव दल द्वारा समाचार लिखे जाने तक मट्टन नाले में किशोर की तलाश जारी थी। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि बचाव टीम द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है।







