
CRS NEWS रायबरेली। सरेनी थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से हड़कंप मच गया। तेज गरज और धमाके के साथ आकाशीय बिजली एक पक्के मकान की छत पर जा गिरी। बिजली गिरने से छत में बड़ा छेद हो गया और मकान की दीवारों व छत में कई जगह दरारें पड़ गईं। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि घटना के दौरान परिवार के लोग मकान के अंदर मौजूद थे, जबकि छत पर कोई व्यक्ति नहीं था। तेज आवाज के साथ बिजली गिरने के बाद घर में लगे विद्युत उपकरणों में करंट दौड़ गया और कई उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। पानी की मोटर, बिजली के बोर्ड, पंखे समेत अन्य विद्युत उपकरण जलकर नष्ट हो गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मकान की स्थिति देखकर दंग रह गए।
आकाशीय बिजली गिरने से मकान की छत को काफी नुकसान पहुंचा है। छत में बड़ा छेद होने के साथ ही जगह-जगह दरारें आने से परिवार के लोगों में भी भय का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए। कुछ देर के लिए गांव में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
गनीमत रही कि हादसे के समय कोई व्यक्ति छत पर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि विद्युत उपकरणों के खराब होने से परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार के मकान का निरीक्षण कराकर हुए नुकसान का आकलन कराने और नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। लगातार हो रही बारिश और गरज-चमक के बीच ग्रामीणों में आकाशीय बिजली को लेकर दहशत बनी हुई है। विशेषज्ञों द्वारा भी खराब मौसम के दौरान खुले स्थान, पेड़ और छत पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है।







