
CRS NEWS रायबरेली। डलमऊ नगर में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की आमद की खुशी में बुधवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस के दौरान जगह-जगह लोगों ने दरूद-ओ-सलाम पढ़कर नबी-ए-करीम की शान में अपनी अकीदत पेश की। पूरे मार्ग पर धार्मिक नारों और सलाम की सदाओं से माहौल गूंजता रहा।
जुलूस की शुरुआत मोहल्ला शेख वारा से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होता हुआ तहसील मियां टोला पहुंचकर मुकम्मल हुआ। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की। बच्चे, युवा और बुजुर्ग हाथों में धार्मिक झंडे लिए हुए जुलूस में शामिल हुए। कई स्थानों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत भी किया।
जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों और जुलूस के मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। एसएचओ राघवन कुमार सिंह, एसआई सोनू पटेल, अबरार हुसैन सचान समेत पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। अधिकारियों ने जुलूस के दौरान यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती।
इस मौके पर नगर पंचायत लिपिक जुबी भाई, पूर्व सभासद फिरोज अहमद, अकीब, कामरान हुसैन, सरफरोश आलम, महताब अहमद समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। जुलूस के शांतिपूर्ण समापन के बाद आयोजकों और पुलिस प्रशासन ने सहयोग के लिए लोगों का आभार जताया।
जुलूस के दौरान लोगों से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस बल की मौजूदगी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।







