शिक्षक दिवस पर किशोरों को शिक्षा व अनुशासन का संदेश, सम्प्रेक्षण गृह में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
।
शाहजहांपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को राजकीय सम्प्रेक्षण गृह पिपरौला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने की। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपेक्षा सिंह भी मौजूद रहीं।
जनपद न्यायाधीश ने किशोरों को शिक्षक दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिन जीवन में शिक्षकों के योगदान और उनके मार्गदर्शन के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने किशोरों को शिक्षा के साथ अनुशासन और अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सचिव अपेक्षा सिंह ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं। वे पढ़ाई के साथ अनुशासन, मेहनत, समय का महत्व और जिम्मेदारी जैसे जीवन मूल्यों की सीख देते हैं। उन्होंने किशोरों से शिक्षकों का सम्मान करने तथा उनके मार्गदर्शन का पालन करने का आह्वान किया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्विनी कुमार तिवारी ने सभी का आभार व्यक्त किया। शिविर का संचालन लोक अदालत लिपिक मोहम्मद अफजल ने किया। इस दौरान राजकीय सम्प्रेक्षण गृह के किशोर एवं स्टाफ मौजूद रहा।







