सर्राफा व्यापारी से 2 लाख की वसूली के आरोप में दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार
।
झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप, चारों सिपाही निलंबित; दो की गिरफ्तारी के लिए दबिश।
शाहजहांपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत शाहजहांपुर पुलिस ने सर्राफा व्यापारी से कथित तौर पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपये वसूलने के मामले में दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। मामले में चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
पुलिस के अनुसार, व्यापारी ने थाना परशुरामपुरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि थाना तिलहर में तैनात पुलिसकर्मियों ने चार सितंबर की रात मोबाइल फोन से उससे संपर्क किया। इसके बाद उसे परशुरामपुरी क्षेत्र के सरैया मोड़ पर बुलाया गया। आरोप है कि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों से परिचित होने के कारण परशुरामपुरी क्षेत्र के सरैया मोड़ पर पहुँचा, जहाँ सादा वर्दी में पुलिसकर्मी 01.
का० वीरेन्द्र 02. का० पंकज 03. का० अरुण चितौड़िया 04. तुषार 05. अन्य अज्ञात व्यक्ति उसे अपने साथ भटादेवर रोड की ओर ले गए और राजभोज होटल से आगे एक सुनसान स्थान पर उसकी तलाशी ली। उक्त पुलिसकर्मियों ने उसकी मोटरसाइकिल में एक पॉलीथिन रखकर उसे मादक पदार्थ की तस्करी के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और तिलहर के बिल्यागंज पुलिस चौकी लाए। इसके बाद उसके पिता और परिजनों से दो लाख रुपये की मांग की गई। व्यापारी के मुताबिक, रात करीब 1:30 बजे रुपये मिलने के बाद उसे छोड़ दिया गया।
मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी जलालाबाद और क्षेत्राधिकारी तिलहर के नेतृत्व में जांच कराई गई। प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिलने के बाद मु० अ० सं० 430/2026 धारा 308(7)/127(7)/351(3) बीएनएस व 7/13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधि० में दर्ज कर आगे की कार्यवाही आरम्भ कर दी है।
पुलिस ने का० वीरेन्द्र और का० पंकज, दोनों थाना तिलहर में तैनात पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। वहीं का० अरुण चितौड़िया और का० तुषार की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। मामले में एक अज्ञात व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की विवेचना क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी द्वारा की जा रही है।
नोट-फोटो काल्पनिक है।







