मदरसा नूरुल हुदा में बच्चों को सिखाया पिज्जा बनाने का हुनर।


शाहजहांपुर। बिजलीपुरा स्थित मदरसा नूरुल हुदा में बुधवार को बच्चों को बेकरी प्रोडक्ट्स बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके तहत छात्र-छात्राओं को पिज्जा बनाने की विधि सिखाई गई। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को पिज्जा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, चीज, सॉस, सब्जियों और अन्य आवश्यक सामग्रियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षक दिलशा इकबाल ने बच्चों को पिज्जा बनाने की पूरी प्रक्रिया समझाई और व्यावहारिक रूप से पिज्जा बनाकर दिखाया। बच्चों ने भी उत्साह के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया और पिज्जा बनाने की बारीकियां सीखीं। प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
मदरसे में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक और रोजगारपरक कौशल सिखाने के उद्देश्य से इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बेकरी प्रोडक्ट्स प्रशिक्षण के अंतर्गत बच्चों को पिज्जा, बर्गर और केक आदि बनाने का हुनर सिखाया जाएगा।
मदरसे के प्रधानाचार्य इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वरोजगार के प्रति रुचि पैदा करना और उन्हें भविष्य में अपना छोटा व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित करना है। प्रशिक्षण प्राप्त कर बच्चे बेकरी और फास्ट फूड के क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी तलाश सकते हैं।
उन्होंने इच्छुक छात्र-छात्राओं से अपील की कि जो भी बेकरी प्रोडक्ट्स बनाने का प्रशिक्षण लेना चाहते हैं, वे मदरसे में आकर अपना पंजीकरण करा लें, ताकि उन्हें प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके।






