
पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मिलेगा अवसर।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बूथों पर विशेष कैंप आयोजित कराने के दिए निर्देश।
प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ
मतदाता पंजीकरण के लिए उपलब्ध होंगे फॉर्म-6
CRS NEWS रायबरेली, 14 अक्टूबर 2026, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के पश्चात छूटे/ नये मतदाता को जोड़े जाने के सम्बन्ध में एक बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में मतदाता सूची को अद्यतन करने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से आगामी 17 एवं 24 अक्टूबर 2026 को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी बूथों पर विशेष कैंप का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
विशेष कैंप के दौरान जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराएंगे। मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों के लिए कैंप में फॉर्म-6 उपलब्ध रहेगा। इसके माध्यम से पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इन विशेष कैंपों का उद्देश्य पहली बार मतदाता बनने के लिए पात्र युवाओं तथा ऐसे नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर प्रदान करना है, जिनका नाम किसी कारणवश अभी तक सूची में दर्ज नहीं हो सका है। इसके साथ ही नागरिक मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपने नाम की जांच भी कर सकेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क के माध्यम से पंजीकरण प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पंजीकरण के लिए आवेदन करें।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिद्धार्थ, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित संबंधित अधिकारी व राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहें।






