oplus_1024
कैडर मीटिंग में संभावित प्रत्याशी के आवेदन और चुनाव प्रबंधन की हुई समीक्षा, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर दिया गया जोर
संभावित प्रत्याशी के आवेदन और चुनाव प्रबंधन की समीक्षा, संगठन को मजबूत करने पर दिया गया जोर
CRS NEWS रायबरेली। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने बछरावां विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को बछरावां विधानसभा के विधानसभा प्रभारी इरशाद अली की वर्कशॉप, लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर एक कैडर मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संभावित प्रत्याशी के आवेदन तथा चुनाव प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति तैयार करना, संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना रहा। बैठक में बछरावां विधानसभा से संभावित प्रत्याशी के आवेदन की प्रक्रिया और चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में AIMIM के जिला अध्यक्ष सैयद ताजदार नकवी, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद आबिद, विधानसभा अध्यक्ष इरशाद मंसूरी तथा संभावित प्रत्याशी सत्य नारायण पासवान सहित विभिन्न गांवों के ग्राम अध्यक्ष और पार्टी समर्थक मौजूद रहे। इनमें गुलाम सगीर, आदिल और ओसामा मंसूरी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी चुनाव में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। साथ ही विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में संगठनात्मक विस्तार, जनसंपर्क अभियान और चुनावी गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने पर भी चर्चा हुई।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारियां शुरू करना जरूरी है। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और मजबूत संगठन के बल पर पार्टी क्षेत्र में अपनी राजनीतिक उपस्थिति बढ़ाने की दिशा में काम करेगी।
कैडर मीटिंग में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी चुनाव को लेकर अपने सुझाव रखे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक के माध्यम से बछरावां विधानसभा में AIMIM ने मिशन 2027 की तैयारियों को गति देने का संदेश दिया।






