
CRS AGENCY(दिल्ली)। पुलिस ने एक चोरी रैकेट का भंडाफोड़ किया और ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों के साथ काम कर रहे आठ लोडरों को गिरफ्तार किया। यह चोरी का रैकेट अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सक्रिय था। पुलिस ने मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के पास से 10 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के गहने, छह ब्रांडेड घड़ियां, एक एप्पल आईफोन और 1,15,000 रुपये नकद सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि दिल्ली पुलिस ने यहां अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर चल रहे एक संदिग्ध चोरी रैकेट का भंडाफोड़ किया जिसमें आरोपियों की पहचान दीपक पाल (25), गौतम कुमार (34), मोहिन खान (23), राहुल यादव (24), यशविंदर (28), पप्पी कुमार (26), नीरज कुमार (26) और कमल कुमार (27) के रूप में हुई है।
वहीं आरोपी पाल ने खुलासा किया कि उसने 2018 से एक ग्राउंड-हैंडलिंग असिस्टेंस कंपनी के लिए लोडर के रूप में काम किया। चूंकि उसका 18,000 रुपये का वेतन पर्याप्त नहीं था, इसलिए जब भी उसे मौका मिलता वह यात्रियों के सामान से छोटी-मोटी चोरी करना शुरू कर देता था। बाद में, वह अन्य एयरलाइंस और एजेंसियों के सात अन्य लोडर और ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ के संपर्क में आया। पुलिस उपायुक्त (हवाईअड्डा) रवि कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने जल्द ही एक गिरोह बना लिया और बड़े पैमाने पर सामान चोरी करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पुलिस ने अन्य लोडरों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।








