
Report CRS रायबरेली 16 जनवरी, 2023 प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट के लिए रायबरेली से अब तक लगभग 550 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही निर्धारित लक्ष्य 750 करोड़ पूंजी निवेश के प्रस्ताव प्राप्त कर लिये जायेंगे। उन्होंने जनपद के समस्त औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों, उद्यमियों एवं निवेशकों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक निवेश प्रस्ताव लायें और रायबरेली का नाम और मान बढ़ायें।
मा0 उद्यान मंत्री श्री दिनेश प्रताप सिंह आज बचत भवन सभागार में औद्योगिक संगठनों, उद्यमियों एवं निवेशकों के साथ रायबरेली इन्वेस्टर्स समिट 2023 के सम्बन्ध में आयोजित बैठक अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती माला श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती पूजा यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रीमती अंकिता जैन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री अमित कुमार, उपायुक्त उद्योग श्रीमती नेहा सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित उद्यमियों एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं निवेशकों तथा सम्बन्धित अधिकारियों से उद्यान मंत्री ने कहा कि वे 18 जनवरी 2023 को जनपद रायबरेली में प्रस्तावित इन्वेस्टर्स समिट में अन्य जनपदों के उद्यमियों को भी आमंत्रित करें ताकि उन्हें बताया जा सके कि रायबरेली में निवेश के अच्छे अवसर उपलब्ध हैं।
माननीय उद्यान मंत्री ने कहा कि उद्यमियों आदि की स्थानीय समस्याओं का समाधान करने के लिए वे सदैव तत्पर हैं तथा उद्यमियों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए कृत संकल्पित भी हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि निवेश के मामले में रायबरेली किसी अन्य जनपद से पीछे न रहने पाये उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय लघु उद्योगों के लिए निवेश का बेहतरीन अवसर है। इस प्रकार के निवेश से किसान प्रोत्साहित होंगे और वो भी अपने-अपने क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योग लगाने के लिए प्रेरित एवं सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों का मनोबल बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि रायबरेली जनपद में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण आधारित उद्योगो की अपार संभावनाएं मौजूद है।
जिलाधिकारी श्रीमती माला श्रीवास्तव ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए रायबरेली से अधिक से अधिक निवेश प्रस्ताव आमंत्रित करने के लिए गंभीर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निवेश प्रस्ताव के लिए निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के साथ ही और अधिक निवेश के लिए प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में बुधवार को जनपद स्तरीय इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है जिसमें और अधिक निवेश के प्रस्ताव प्राप्त होने की प्रबल सम्भावना है।










