
रायबरेली 24 जनवरी, 2023 जनपद रायबरेली के राजकीय इण्टर कालेज में उत्तर प्रदेश दिवस हर्षोल्लास व भव्य तरीके से मनाया गया। जिलाधिकारी श्रीमती माला श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ जनता तक पहुंचे इसके लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए उत्तर प्रदेश दिवस में प्रतिभाग कर योजनाओं की जानकारी व लाभ प्राप्त कर सकते है।
जिलाधिकारी श्रीमती माला श्रीवास्तव द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर उपस्थित लोगों व अधिकारियों से सरकार की योजनाओं की जानकारी ली। इसी दौरान जिलाधिकारी ने बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उपस्थित गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर एवं विविधता व जनपद के महत्वपूर्ण कार्य, उपलब्धियां, सरकार के संकल्प आदि पर विशेष फोकस डाला जाये। यूपी दिवस पर आमजन व नई पीढ़ी को देश व प्रदेश सरकार द्वारा कराये गये चौमुखी विकास कार्यो संकल्पों के बारे में बताया जाये। उन्होंने कहा कि जो सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश दिवस 24 जनवरी के अवसर पर बताया कि जनसमस्या निस्तारण, कानून व्यवस्था, उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट, किसानों के हितार्थ योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, ग्रामीण विकास योजना, पेयजल, स्वच्छ भारत मिशन, किसान फसली ऋण मोचन योजना, सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आदि के बारे में जानकारी दी।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती पूजा यादव ने कहा कि प्रदेश का नाम करण उत्तर प्रदेश 24 जनवरी 1950 से प्रभावी हुआ है। सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश दिवस 24 जनवरी को भव्य तरीके से जनपद में भी मनाये जाने के निर्देश दिये गये है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के साथ ही जनता का इतिहास गौरवशाली रहा है यहां की संस्कृति यहां का गौरवशाली इतिहास स्वतंत्रता संग्राम के समय में ही इतिहास में वर्णित है। केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी व लाभ परक योजनाओं की विस्तार से जानकारी देने के साथ ही यूपी दिवस के भी महत्व को बताया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री आलोक प्रियदर्शी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वि0रा0 श्रीमती पूजा मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट श्रीमती पल्लवी मिश्रा, सीओ सिटी श्रीमती वंदना सिंह, जिला विकास अधिकारी श्री अरूण कुमार, डीपीआरओ, डीसी मनरेगा, उपायुक्त उद्योग अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी व आमजन लोग उपस्थित रहें।










