
स्वामी प्रसाद के करीबी प्रमुख पति की दबंगई , बीडीसी व उसके परिवार को पिटा
ऊंचाहार, रायबरेली, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और बड़बोले नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के करीबी ऊंचाहार के ब्लाक प्रमुख के पति की बड़ी दबंगई सामने आई है। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्य के घर में घुसकर उसके साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उसकी पुत्री और मां के साथ अभद्रता भी की है।
मामला क्षेत्र के गांव मनीपुर भटेहरी का है। गाँव निवासी भोला यादव भागीपुर क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। रविवार की दोपहर ऊंचाहार के ब्लाक प्रमुख और सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्या की करीबी सत्यभामा मौर्य के पति बैजनाथ मौर्य अपने 10- 12 लोगों के साथ उनके घर पहुंचे थे। चुनावी रंजिश के कारण उनके घर में घुस गए और क्षेत्र पंचायत सदस्य को पकड़कर पीटने लगे। इस बीच बीडीसी की पुत्री और उसकी मां बीच बचाओ के लिए आई तो, सपा नेता और उसके समर्थकों ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता की है। पीड़ित का कहना है कि रविवार की दोपहर ब्लाक प्रमुख के पति करीबन 1 दर्जन लोगों के साथ असलहों से लैस होकर उसके घर आये और गालीगलौज करते हुए मारपीट की, बीचबचाव करने आई मां रामपति व बेटी मनसा देवी की भी पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी है। मामला सपा नेताओं की दबंगई का है, इसलिए इसमें अधिकारियों ने भी संज्ञान में लिया है। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने ऊंचाहार कोतवाल को मामले में जांच करके विधिक कार्यवाही का निर्देश दिया है।कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।









