CRS NEWS रायबरेली, 23 अक्टूबर 2026 जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के 44 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को तीन माह तक आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों का सामना करने में सक्षम बनाने के साथ-साथ उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि जनपद के चयनित 41 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों एवं 03 पीएमश्री राजकीय माध्यमिक विद्यालयों सहित कुल 44 विद्यालयों में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए मार्शल आर्ट (कुंगफू, जूडो, कराटे, ताइक्वांडो आदि) में ब्लैक बेल्ट योग्यता रखने वाले प्रशिक्षकों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिलाधिकारी के अनुमोदन के क्रम में आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 05 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रशिक्षकों के चयन के लिए अधिकतम 44 पद प्रस्तावित हैं। चयनित प्रशिक्षकों को प्रति विद्यालय 5,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि तीन माह होगी तथा प्रत्येक विद्यालय में प्रतिदिन न्यूनतम 40 मिनट का प्रशिक्षण देना अनिवार्य होगा। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रशिक्षकों के चयन में महिला अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। पर्याप्त संख्या में महिला प्रशिक्षक उपलब्ध न होने की स्थिति में पुरुष प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा। आवेदकों को ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में प्रशिक्षण देने की सहमति भी आवेदन पत्र में देनी होगी। सहमति नहीं देने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। चयन तीन माह के लिए पूर्णतः अस्थायी होगा तथा पदों की संख्या में जनपदीय समिति आवश्यकतानुसार परिवर्तन कर सकती है।
इच्छुक अभ्यर्थी अपना पूर्ण आवेदन पत्र समस्त आवश्यक संलग्नकों सहित कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक, रायबरेली अथवा कार्यालय जिला क्रीड़ा अधिकारी, रायबरेली के डाक पटल पर जमा कर सकते हैं। आवेदन पंजीकृत डाक से भी कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक, रेलवे स्टेशन रोड, निकट मंशा देवी मंदिर, रायबरेली, पिन कोड-229001 पर भेजा जा सकता है। अपूर्ण आवेदन पत्र चयन प्रक्रिया में सम्मिलित नहीं किए जाएंगे। आवेदन पत्र में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु प्रस्तावित 44 विद्यालयों की सूची में से पांच विद्यालयों का विकल्प देना अनिवार्य होगा।





