
रायबरेली में भीषण सड़क हादसा, युवक गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
रायबरेली। जनपद के गदागंज थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां ऊंचाहार-डलमऊ मार्ग पर कुरौली बुधकर चौराहे के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, दाऊदपुर गड़ाई निवासी पिंटू (लगभग 25 वर्ष), पुत्र घिसाई, अपनी बाइक से गुजर रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात बाइक से उसकी तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिंटू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर में गहरी चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दीनशाह गौरा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है।









