सर्विलांस सेल/एस०ओ०जी० की संयुक्त पुलिस टीम के द्वारा कुल 151 मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत- 35 लाख रु०) बरामद कर उनके स्वामियो के सुपुर्द किए गए।


शाहजहांपुर। गुम हुये मोबाइल फोन के संबंध में शिकायतकर्ताओं के द्वारा पुलिस अधीक्ष के समक्ष अथवा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शिकायत की जाती है। जिन पर सर्विलांस सेल द्वारा लगातार मॉनीटरिंग की जाती है। उक्त क्रम में आज दिनांक 02.03.2026 को पुलिस अधीक्षक जनपद शाहजहाँपुर द्वारा पुलिस लाइन सभागार में सर्विलांस सेल/ एस०ओ०जी० की संयुक्त पुलिस टीम व थानों के माध्यम से कम्प्यूटर ऑपरेटर/ कर्मचारियों द्वारा बरामद किए गए कुल 151 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 35 लाख रुपये) को उनके स्वामियों को सुपुर्द किया गया । मोबाइल फोन मिलने पर आवेदकों/शिकायतकर्ताओं द्वारा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शाहजहाँपुर पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।
गुम हुए मोबाइल के लिए आवेदक द्वारा की जाने वाली आवश्यक कार्यवाहीः-*
भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (Department of Telecommunications) द्वारा नागरिकों की सुविधा हेतु “CEIR (Central Equipment Identity Register)” पोर्टल प्रारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने गुम/चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक या अनब्लॉक कर सकता है।
प्रक्रिया इस प्रकार है:-1. पोर्टल लिंक पर जाएं – https://www.ceir.gov.in/General/index.jsp
2. “Block Stolen/Lost Mobile” विकल्प चुनें।
3. मोबाइल का IMEI नंबर, सिम विवरण, और शिकायत संख्या दर्ज करें।
4. थाना स्तर से सत्यापन उपरांत मोबाइल को ट्रैक करने की कार्रवाई की जाती है।
5. जब मोबाइल बरामद हो जाए तो “Unblock Found Mobile” विकल्प से मोबाइल को अनब्लॉक करें।
6. मोबाइल गुम होने के पश्चात साइबर अपराध की संभावना बढ़ जाती है, अतः संबंधित सिम को तुरंत बंद कराकर दोबारा री-इश्यू (Reissue) कराएं, जिससे किसी भी प्रकार के दुरुपयोग की संभावना समाप्त हो जाए।
7. मोबाइल खरीदते समय उसका IMEI नंबर नोट कर सुरक्षित रखें।
8. यदि मोबाइल गुम/चोरी हो जाए तो तुरंत निकटतम थाना या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
9. किसी भी अनजान व्यक्ति या लिंक पर व्यक्तिगत जानकारी या बैंकिंग डिटेल साझा न करें।
10. गुमशुदा मोबाइल की रिपोर्ट थाना पुलिस व CEIR पोर्टल दोनों पर दर्ज करें ताकि ट्रैकिंग शीघ्र आरंभ हो सके।
भविष्य के लिए अपील:-*
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश द्विवेदी द्वारा नागरिकों से अपील की गयी कि वे भविष्य में अधिक सतर्कता बरतें। यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन खो जाता है या चोरी हो जाता है, तो वह तुरंत निकटतम थाना या सर्विलांस पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि पुलिस आवश्यक कार्यवाही कर सके।










